यात्रियों के लिए खुशखबरी, रायपुर-मुंबई के बीच इंडिगो की चौथी उड़ान शुरू,

यात्रियों के लिए खुशखबरी, रायपुर-मुंबई के बीच इंडिगो की चौथी उड़ान शुरू,

रायपुर। नए साल में रायपुर और मुंबई के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने जा रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस एक फरवरी से दोनों शहरों के बीच चौथी उड़ान शुरू करने जा रही है। यह फ्लाइट दोपहर के शेड्यूल में संचालित होगी, जिससे यात्रा और अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दिल्ली और मुंबई की उड़ानों की मांग हमेशा अधिक रहती है। वर्तमान में दिल्ली के लिए नियमित रूप से आठ उड़ानें संचालित की जा रही हैं, जबकि रायपुर-मुंबई मार्ग पर निजी एयरलाइंस की तीन उड़ानें उपलब्ध हैं। सामान्य दिनों में इस रूट का किराया दस हजार रुपये से अधिक रहता है और पीक सीजन में यह दो से ढाई गुना तक बढ़ जाता है। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए इंडिगो ने रायपुर से नवी मुंबई के बीच नई उड़ान शुरू करने का निर्णय लिया है।

दो वर्ष पहले एयर इंडिया की मुंबई-रायपुर-विजयवाड़ा उड़ान बंद होने के बाद चौथी कनेक्टिविटी समाप्त हो गई थी। नई उड़ान 6ई 2283 नवी मुंबई से दोपहर 12.50 बजे प्रस्थान कर 14.35 बजे रायपुर पहुंचेगी। वापसी के दौरान 6ई 22844 यह फ्लाइट दोपहर 3.05 बजे रायपुर से उड़ान भरकर शाम 5.05 बजे मुंबई पहुंचेगी। विमानन अधिकारियों का कहना है कि दोपहर का यह समय व्यापारी, छात्रों और मेडिकल यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। वर्तमान में रायपुर से मुंबई की तीन उड़ानें सुबह 8.40 बजे, 9.40 बजे और शाम 5.35 बजे संचालित हो रही हैं।

20 नवंबर को प्रभावित रहेगी उड़ान

मुंबई एयरपोर्ट में मानसून के बाद होने वाले वार्षिक रखरखाव कार्य के कारण 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रनवे बंद रहेगा। इस दौरान उड़ानों के संचालन पर असर पड़ेगा, जिसके चलते कई उड़ानों को री-शेड्यूल या स्थगित किया जाएगा। इसी अवधि में रायपुर आने-जाने वाली एक उड़ान प्रभावित रहेगी।