भ्रामक है एक ही गाड़ी से एक से अधिक बार धान के उठाव का दावा, राइस मिलर ने उठाए सवाल, कहा जांच में सही पाई गई धान की मात्रा

पत्थलगांव। जशपुर जिले के राइसमिलर ने एक ही समय में एक ही गाड़ी से एक से अधिक बार धान का उठाव किए जाने के दावे को निराधार बताया है। उनका कहना है कि यह व्यवहारिक रूप में संभव नहीं हो सकता है और अधिकारियों के द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में भी धान की मात्रा सही पाई गई है।

उल्लेखनीय है कि सहकारी समितियों में धान की अवैध बिक्री रोकने के लिए प्रशासन इस बार पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में प्रशासनिक अधिकारियों एवं खाद्य विभाग के कर्मचारियों के द्वारा टीम बनाकर समितियों में खरीदे गए धान के साथ ही राइसमिलों में भंडारित धान का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। प्रदेश भर में चलाए जा रहे इस अभियान में ए आई के माध्यम से बड़े फर्जीवाड़ा का पता लगाने का दावा किया गया है। इसके मुताबिक एक ही राईस मिलर के द्वारा एक ही गाड़ी के माध्यम से एक ही समय में धान का उठाव करने का दावा किया गया है। परंतु इस पर जशपुर जिले के एक राईसमिलर ने सवाल उठाए हैं। जशपुर जिले की जीन माता राईस मिल के संचालक सावन अग्रवाल ने बताया कि मेरे द्वारा इस प्रकार की गड़बड़ी करने का जो आरोप लगाया जा रहा है वह पूरी तरह भ्रामक और निराधार है। उन्होंने बताया कि उनकी राइस मिल में जांच दल यहां भंडारित धान का भौतिक सत्यापन करने पहुंचा था। इसमें तहसीलदार भीष्म कुमार पटेल, खाद्य निरीक्षक अजय कुमार प्रधान तथा संग्रहण केंद्र के कर्मचारी विकास गुप्ता एवं विकास टोप्पो शामिल थे। उन्होंने बताया कि जांच दल ने पूरे गोदाम और राईस मिल परिसर का निरीक्षण करने के साथ ही यहां भंडारित धान की गणना कर सत्यापन किया। जिसमें कोई भी अनियमितता नहीं पाई गई। उन्हांेने कहा कि जांच के बारे में जो दावा किया गया है उसके मुताबिक एक ही समय में एक ही गाड़ी से एक ही समिति से एक से अधिक बार धान का उठाव किया गया जो कि वास्तविक रूप में किसी भी प्रकार से संभव ही नहीं है।





