तूल पकड़़ने लगा कर्नल सोफिया कुुरैशी के खिलाफ विवादास्‍पद बयान का मामला, स्‍थानीय नागरिकों ने फूंका मप्र के मंत्री विजय शाह का पुतला, मुख्‍यमंत्री मोहन यादव से उठाए मंत्री के पद पर बने रहने पर सवाल,

तूल पकड़़ने लगा कर्नल सोफिया कुुरैशी के खिलाफ विवादास्‍पद बयान का मामला, स्‍थानीय नागरिकों ने फूंका मप्र के मंत्री विजय शाह का पुतला,   मुख्‍यमंत्री मोहन यादव से उठाए मंत्री के पद पर बने रहने पर सवाल,

पत्‍थलगांव। कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में विवादास्‍पद बयान का मामला तूल पकड़ने लगा है। स्‍थानीय लोगों ने विवादास्‍पद बयान देने वाले मप्र के मंत्री विजय शाह का पुतला दहन किया है। वहीं उन्‍होंने मप्र के मुख्‍यमंत्री मोहन यादव और भाजपा के कंद्रीय नेतृत्‍व से मंत्री विजय शाह का इस्‍तीफा लेने की मांग की है।

उल्‍लेखनीय है कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी की महत्‍वपूर्ण भूमिका रही है। पूरे देश को उन पर गर्व है परंतु मध्‍यप्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने उन पर घटिया टिप्‍पणी कर दी। उनकी टिप्‍पणी से जहां एक ओर विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हो गए हैं वहीं देश के आम नागरिकों में भी इसे लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। बुधवार को मनोज तिवारी, जनार्दन पंकज, संजय तिवारी, मयंक रोहिला, प्रदीप सिंह ठाकुर समेत स्‍थानीय युवाओं एवं नागरिकों ने मप्र के मंत्री विजय शाह का पुतला फूंका। युवाओं में इसे लेकर गहरी नाराजगी देखने को मिली। उन्‍होंने शहर के मुख्‍य चौक इंदिरा चौक पर पुतला फूंककर मंत्री विजय शाह के खिलाफ नारेबाजी की। मनोज तिवारी और जनार्दन पंकज ने इसे मंत्री विजय शाह की घिनौनी मानसिकता करार दिया है। उनका कहना है कि अगर कोई जनप्रतिनिधि चाहे वह किसी भी पार्टी या विचारधारा का हो देश की बहादुर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी और उन जैसे वीरों के लिए आपत्तिजनक, अपमानजनक और राष्‍ट्रविरोधी भाषा का प्रयोग करता है, वह न सिर्फ सैनिक का अपमान करता है बल्कि भारत माता की संतान का भी अपमान करता है। उन्‍होंने बताया कि कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना की पहली महिला अधिकारी हैं जिन्‍होंने संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत का नेतृत्‍व किया है जो कि गौरव की बात है, यदि कोई मंत्री उन पर संदेह करता है, या उन्‍हें अपमानित करता है तो वह राष्‍ट्र की सुरक्षा और सेना की गरिमा पर सीधा हमला है। यह सिर्फ एक महिला का नहीं पूरे सैनिक समुदाय का अपमान है। उन्‍होंने मप्र के मुख्‍यमंत्री मोहन यादव से मंत्री विजय शाह को तत्‍काल हटाए जाने की मांग की है। संजय तिवारी और मयंक रोहिला का कहना है कि देश के भीतर पनप रही यह घृणित मानसिकता दुश्‍मनों को भी आकर्षित कर रही है। इसी का लाभ उठाने के लिए ही पहलगाम में आतंकवादियों ने पर्यटकों को धर्म पूछ- पूछ कर मारा था। ऐसे कलुषित वातावरण में देश की बहादुर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी सामने आईं। उन्‍होंने न सिर्फ कर्नल के रूप में भारतीय सेना के पराक्रम में अपना योगदान दिया अपितु पूरे विश्‍व को भारत के सामर्थ्‍य का संदेश भी उन्‍होंने विंग कमाण्‍डर व्‍योमिका सिंह के साथ मिलकर दिया। मप्र के मंत्री विजय शाह की कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्‍पणी न सिर्फ भारत की सेना बल्कि देश की बहादुर बेटियों का भी अपमान है। उनका कहना है कि सत्‍ता के नशे में चूर विजय शाह जैसे मंत्री देश की बेटियों के खिलाफ भी जहर उगल रहे हैं। यह पूरे देश का अपमान है।