IND vs NZ टी-20: रायपुर में फर्स्ट इनिंग के बाद नो-एंट्री, 350 बाउंसर्स और 13 गेटों पर सख्त सुरक्षा इंतजाम

IND vs NZ टी-20: रायपुर में फर्स्ट इनिंग के बाद नो-एंट्री, 350 बाउंसर्स और 13 गेटों पर सख्त सुरक्षा इंतजाम

रायपुर। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को होने वाले भारत बनाम न्यूजीलैंड टी-20 मुकाबले को लेकर इस बार सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं ज्यादा कड़ी कर दी गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) किसी भी तरह की अव्यवस्था या विवाद से बचने के लिए नए नियम लागू कर रहा है।

संघ ने साफ कर दिया है कि फर्स्ट इनिंग समाप्त होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम के भीतर प्रवेश नहीं मिलेगा। यानी जो दर्शक पहली पारी से पहले या उसके दौरान स्टेडियम में नहीं पहुंचे, उन्हें ब्रेक के बाद अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह फैसला पिछले मैचों के दौरान बीच मुकाबले में भीड़ के बेकाबू हो जाने की घटनाओं को देखते हुए लिया गया है।

सुरक्षा के लिहाज से इस बार 350 से अधिक प्राइवेट बाउंसर्स तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा CSCS के 45 अधिकारी पूरे मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। दर्शकों की अवैध एंट्री रोकने के लिए स्टेडियम के 13 एंट्री गेटों पर लोहे की मजबूत रेलिंग लगाई गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति रेलिंग कूदकर अंदर न आ सके।

खाने-पीने की चीजों को लेकर भी सख्ती बरती जाएगी। पिछले भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच में स्टेडियम के भीतर महंगे दामों पर खाद्य सामग्री बिकने की शिकायतें आई थीं। अब संघ ने निर्देश दिए हैं कि खाने-पीने के सामान तय दरों पर ही बेचे जाएंगे, ताकि दर्शकों से मनमानी वसूली न हो।

स्टेडियम के सभी एंट्री गेटों पर पुलिस, प्राइवेट गार्ड और क्रिकेट संघ के कर्मचारियों की तिहरी निगरानी रहेगी। बाउंड्री लाइन पर भी बाउंसर्स तैनात किए जाएंगे, क्योंकि पिछली बार कुछ दर्शक रेलिंग फांदकर सीधे मैदान में पहुंच गए थे और खिलाड़ियों तक जा पहुंचे थे।

CSCS अध्यक्ष विजय शाह ने बताया कि पिछली बार सुरक्षा में कुछ चूक हुई थी, जिसे इस बार पूरी तरह दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई को भी भरोसा दिलाया गया है कि रायपुर में इस बार दर्शकों और खिलाड़ियों दोनों के लिए सुरक्षित माहौल रहेगा।

भारत और न्यूजीलैंड की टीमें 22 जनवरी को रायपुर पहुंचेंगी और शाम को स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। अगले दिन 23 जनवरी को यह हाई-वोल्टेज टी-20 मुकाबला खेला जाएगा, जिसके लिए रायपुर पूरी तरह तैयार है।