शहर में धूम धाम से शुरू हुआ गणेशोत्सव, विघ्न विनाशक गणेशोत्सव समिति के पंडाल में विराजे 15 फीट के गणपति, अंबिकापुर के विख्यात कलाकार से कराया भव्य मूर्ति का निर्माण, ढोल नगाड़ों की अगवानी में पंडाल तक पहुंचे बप्पा

शहर में धूम धाम से शुरू हुआ गणेशोत्सव, विघ्न विनाशक गणेशोत्सव समिति के पंडाल में विराजे 15 फीट के गणपति, अंबिकापुर के विख्यात कलाकार से कराया भव्य मूर्ति का निर्माण, ढोल नगाड़ों की अगवानी में पंडाल तक पहुंचे बप्पा

पत्थलगांव। शहर में गणेशोत्सव की धूम धाम से शुरुआत हो गई है। विघ्न विनाशक गणेश उत्सव समिति के द्वारा मंडी प्रांगण में 15 फीट की विशाल प्रतिमा की भव्य कलश यात्रा के साथ स्थापना की गई। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। 

गणेश उत्सव शहर में प्रतिवर्ष धूम धाम से मनाया जाता है। पहले मोहल्ले मोहल्ले के लोगों द्वारा सामूहिक रूप से गणपति स्थापना की जाती थी।उसके साथ ही करीब डेढ़ दशक वर्ष पूर्व अंकुर, विकास, बंटी, सचिन, प्रतीक, नरेश, टीनू , विपिन, आयुष, अमित,आनंद, अमित अग्रवाल, हिमांशु शर्मा, राहुल जोशी, पीयूष, राहुल अग्रवाल,समेत शहर के अन्य युवाओं द्वारा विघ्न विनाशक गणेशोत्सव समिति का गठन कर नवरात्र की तर्ज पर वृहद स्तर पर गणेशोत्सव की शुरुआत के बाद से इस पर्व ने नगर भर में सामूहिक पर्व का रूप ले लिया है। विघ्न विनाशक गणेश उत्सव समिति के द्वारा स्थापित किए जाने वाले गणपति उत्सव में शहर भर के लोग एक साथ शामिल होते हैं। यहां आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों ने संपर्व की रौनक कई गुना बढ़ा दी है। इस बार भी समिति के द्वारा मंडी प्रांगण में भगवान गणपति की 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित कराई गई है। पिछले वर्षों में पंडाल में ही स्थानीय कारीगरों की मदद से प्रतिमा निर्माण का कार्य कराया जाता रहा परन्तु इस वर्ष सरगुजा के विख्यात मूर्तिकार से प्रतिमा निर्माण का कार्य अंबिकापुर में कराया गया। वहां से सड़क मार्ग के जरिए विशाल प्रतिमा को शहर तक बड़ी सावधानी से लाया गया। यहां पहुंचने पर प्रतिमा को गाजे बजे के साथ अगवानी करते हुए पंडाल तक लाया गया। बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकली जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। पूजा प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि विख्यात ज्योतिषाचार्य पंडित श्रीनिवास के मार्गदर्शन में यजमान प्रतीक अग्रवाल के द्वारा पूजन संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि पंडाल की सजावट के लिए कोलकाता से विशेष रूप से कारीगर आमंत्रित किए गए जिन्होंने पंडाल को भव्य दरबार का स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी समिति के द्वारा गणेशोत्सव पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है जिन्हें क्रमानुसार संपादित कराया जाएगा।