डॉ. गीता सिंह बनीं भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ की प्रदेश कोषाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं और महिलाओं में खुशी…
बिलासपुर / छत्तीसगढ़
संगठन में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
बिलासपुर की समाजसेवी डॉ. गीता सिंह को भारतीय जनता पार्टी के सहकारिता प्रकोष्ठ में प्रदेश कोषाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन मंत्री पवन साय के मार्गदर्शन तथा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रवीण कुमार दुबे द्वारा उनकी नियुक्ति की गई है। उनकी इस नियुक्ति से संगठन के कार्यकर्ताओं और महिलाओं में खुशी की लहर देखी जा रही है।
सामाजिक कार्यों में लंबे समय से सक्रिय
डॉ. गीता सिंह लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण, स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने और विभिन्न सामाजिक कार्यों में लगातार योगदान देती रही हैं। उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी दी है।
समूहों और महिलाओं में खुशी का माहौल
उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही मध्यान्ह भोजन रसोइया कल्याण संघ और बिहान से जुड़ी महिलाओं में भारी हर्ष का माहौल देखने को मिला। रसोइया कल्याण संघ की जिलाध्यक्ष संतोषी कौशिक ने कहा कि डॉ. गीता सिंह को यह जिम्मेदारी मिलने से संगठन को मजबूती मिलेगी और महिलाओं की आवाज को प्रदेश स्तर तक मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा।
साथियों ने दी बधाई और शुभकामनाएं
इस दौरान कृष्णा कंवर, शांति बाई, अन्नपूर्णा (चांपा), लक्ष्मी महंत, सुनीता मिरी (कोरबा), विनोद खांडे (बिलासपुर), गायत्री साहू (कांकेर) और रूखमणी पांडे (सिवनी) सहित बिहान की टीम लीडरों ने भी डॉ. गीता सिंह को बधाई देते हुए खुशी जाहिर की। सभी ने उम्मीद जताई कि वे अपने अनुभव और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने और सहकारिता से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Public reporter 



