BPSC TRE-4: TRE-4 विज्ञापन की मांग पर सड़क पर उतरे छात्र, पुलिस में लाठीचार्ज से कई घायल
BPSC TRE-4 : पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा शिक्षक भर्ती के चौथे चरण के विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर गुरुवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। राजधानी के जेपी गोलंबर पर बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने बल प्रयोग कर हटाया। इस दौरान कई छात्रों को चोटें आई हैं।
छात्र नेता का गंभीर आरोप
छात्र नेता दिलीप कुमार ने बताया कि टीआरई-4 के लिए आयोग लगातार झूठ बोल रहा है। 13 लाख से अधिक छात्रों को गुमराह किया जा रहा है। बार-बार विज्ञापन जारी करने के लिए नई तिथि बताई जा रही है। साल 2024 से अधियाचना मिलने की बात की जा रही है। हाल ही में परीक्षा नियंत्रक ने कहा था कि 19 अप्रैल को विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। 25 या 26 अप्रैल से फार्म भरना शुरू हो जाएगा। आठ मई तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया। इसी को लेकर हम आज पटना जाम करने पहुंचे।
टीआरई-4 से 46,882 पदों पर बहाली
गौरतलब है कि टीआरई-4 में कुल चार विभागों में 46,882 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। शिक्षा विभाग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में ये बहाली होंगी।
शिक्षा विभाग में सबसे अधिक पद हैं, जिसमें माध्यमिक (कक्षा 9-10) के 9,082 और उच्च माध्यमिक (11-12) के 16,774 रिक्तियों को भरा जाएगा।
प्राथमिक (1-5) में 10,778 और मध्य विद्यालय (6-8) में 8,583 पदों पर बहाली की जाएगी। 22 से 27 सितंबर के बीच परीक्षा के आयोजन की संभावना है।

Public reporter 



