रायपुर। CG NEWS: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में राज्य खेल अलंकरण समारोह 2026 किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व उपमुख्यमंत्री अरुण साव की अध्यक्षता रही।
अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन लाल साहू साथ ही अन्य मंत्रीगण और विधायकगण मौजूद रहे। तीन वित्तीय वर्षों (2023-24, 2024-25 एवं 2025-26) के कुल 125 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कृत व सम्मानित किया गया। इनमें 82 खेल प्रतिभाओं को राज्य खेल अलंकरण तथा पांच टीमों के 43 खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्राफी प्रदान की गई, साथ ही नकद राशि पुरस्कार (खेल अंकुर, खेल गौरव, खेल शिखर) के विजेताओं को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
करीब तीन साल बाद आयोजित राज्य अलंकरण पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेश के कई नामचीन खिलाड़ी एवं खेल संगठनों से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। राज्य सरकार की ओर से कुल 125 खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। जिनमें छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव मोहम्मद अकरम खान को भी राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री साय ने भी समारोह में सम्मानित खिलाड़ियों और उनके माता-पिता को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
मोहम्मद अकरम खान हुए सम्मानित
समारोह में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव मोहम्मद अकरम खान को भी राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर उन्होंने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि वे करीब 12 वर्ष की उम्र से वॉलीबॉल खेल रहे हैं। उन्होंने प्रदेश स्तर पर वॉलीबॉल के कई आयोजनों में हिस्सा लिया और आयोजन कराए हैं। उनके साथ जुड़कर कई खिलाड़ियों ने खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रयास किया है और वे आज भी वॉलीबॉल से जुड़े हुए हैं।
अकरम खान ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुरस्कार राशि के साथ सम्मान दिया जा रहा है, जो खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने राज्य सरकार और सभी संबंधित लोगों का आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री व छत्तीसगढ़ वालीबॉल संघ के अध्यक्ष महेश गागड़ा और छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष जी.एस. भांबरा सहित खेल जगत से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

तीन वर्षों के प्रमुख खेल अलंकरण विजेता
शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार (सीनियर वर्ग): वर्ष 2023-24: मोनिका साहू (फेंसिंग – दुर्ग), सुभाष लहरे (वेटलिफ्टिंग – रायपुर), अनूप यदु (नेटबाल – रायपुर) व राजेश राठौर (साफ्टबाल – जांजगीर-चांपा संयुक्त), भूपेन्द्र कुमार गढ़े (पैरा स्पोर्ट्स – दुर्ग), परमानंद (पैरा स्विमिंग – बिलासपुर)। – वर्ष 2024-25: ज्ञानेश्वरी यादव (वेटलिफ्टिंग – राजनांदगांव), ईशान भटनागर (बैडमिंटन – रायपुर), दिव्यांशु नेताम (फेंसिंग – दुर्ग), भूमि गुप्ता (तैराकी – कोरबा), सोनम शर्मा (नेटबाल – दुर्ग), कलाराम पटेल (पैरा एथलेटिक्स – रायपुर)। – वर्ष 2025-26: विकास कुमार (आर्चरी – बालोद), किरण पिस्दा (फुटबाल – दुर्ग), दीपांशी नेताम (फेंसिंग – रायपुर), सुजेय तंबोली व आयुष माखिजा (बैडमिंटन – रायपुर व बिलासपुर संयुक्त), संजू देवी (कबड्डी – कोरबा), रीमा राय (साफ्ट टेनिस – सारंगढ़-बिलाईगढ़), मिशा कुमारी (नेटबाल – दुर्ग), लक्की यादव (पैरा एथलेटिक्स – महासमुंद)।

शहीद कौशल यादव पुरस्कार (जूनियर वर्ग): –
वर्ष 2023-24: दीपांशी नेताम (फेंसिंग – दुर्ग), महेन्द्र धुर्वे (वालीबाल – राजनांदगांव), अमित कुमार (एथलेटिक्स – बालोद), राकेश कडती (साफ्टबाल – बीजापुर)। – वर्ष 2024-25: मानस भट्टाचार्य (बैडमिंटन – बिलासपुर), सुखदेव (पैरा एथलेटिक्स – महासमुंद)। – वर्ष 2025-26: दिव्यांशु देवांगन (शूटिंग – रायगढ़), विक्रम राज (आर्चरी – बिलासपुर), दिव्यांश अग्रवाल (बैडमिंटन – रायपुर), सोनिका राजवाड़े (एथलेटिक्स – सूरजपुर), स्वप्निल प्रधान (वुशू – रायगढ़) व भूमिका चौधरी (नारायणपुर संयुक्त), पूजा (नेटबाल – धमतरी), निखिल कुमार यादव (पैरा एथलेटिक्स – बलौदाबाजार)।
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार (प्रशिक्षक/निर्णायक): –
वर्ष 2023-24: विकास ढीढ़ी (पैरा जूडो प्रशिक्षक – रायपुर)। – वर्ष 2024-25: अशोक कुमार साहू (कयाकिंग एवं केनोइंग प्रशिक्षक – रायपुर)। – वर्ष 2025-26: अजय दीप सारंग (वेटलिफ्टिंग प्रशिक्षक – रायपुर)।
शहीद विनोद चौबे सम्मान (वरिष्ठ खिलाड़ी/प्रशिक्षक): –
मो. अकरम खान (वालीबाल – रायपुर), वर्ष 2023-24: प्रवेश चढ्ढ़ा (शूटिंग – बिलासपुर), विजय बहादुर (हैंडबॉल – दुर्ग), लक्ष्मण लाल साहू (कुश्ती – धमतरी), के. रवि शंकर (टेबल टेनिस – बिलासपुर), गिरिराज बागड़ी (टेबल टेनिस – रायपुर)। – वर्ष 2024-25: प्रभा हुसैन (एथलेटिक्स – दुर्ग), संगीता राजगोपालन (बैडमिंटन – दुर्ग), गामा यादव (कुश्ती – दुर्ग), प्रनय नन्द मजूमदार (टेबल टेनिस – रायपुर)। – वर्ष 2025-26: गंगेश्वर (एथलेटिक्स – दुर्ग), ख्वाजा अहमद (वालीबाल – दुर्ग), एवन कुमार जैन (वेटलिफ्टिंग – रायपुर), प्रदीप जोशी (टेबल टेनिस – रायपुर)।
मुख्यमंत्री ट्राफी (दलीय खेल): –
वर्ष 2023-24: पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग (सीनियर पुरुष – बिलासपुर) एवं साफ्टबाल (जूनियर बालिका दल)। – वर्ष 2024-25: तीरंदाजी (सीनियर महिला दल – बिलासपुर)। – वर्ष 2025-26: तीरंदाजी (सीनियर महिला दल) एवं साफ्ट टेनिस (जूनियर बालिका दल)। – इसके अलावा तीनों वर्षों के लिए विभिन्न खेलों के 30 से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान से भी नवाजा गया।