CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025 के लिए 238 पदों पर भर्ती का ऐलान, 1 दिसंबर से शुरू होंगे आवेदन

CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025 के लिए 238 पदों पर भर्ती का ऐलान, 1 दिसंबर से शुरू होंगे आवेदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2025 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार कुल 238 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के सबसे ज्यादा 29 पद, राज्य पुलिस सेवा के 28 पद और डिप्टी कलेक्टर के 14 पद शामिल हैं।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा इस वर्ष भी पुराने पैटर्न पर ही आयोजित होगी। प्रारंभिक (Prelims) और मुख्य परीक्षा (Mains) की संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है और सिलेबस भी पहले जैसा ही रहेगा।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पदों पर पिछली बार 2020 में भर्ती हुई थी, जब केवल 6 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। 2019 में नियम बदले जाने के बाद से यह पद राज्य सेवा परीक्षा के माध्यम से भरे जाते हैं। चार साल बाद इस बार फिर से बड़ी संख्या में CMO पदों पर भर्ती हो रही है।

योग्यता के अनुसार उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना आवश्यक है। आयु सीमा 21 से 30 वर्ष तय की गई है, हालांकि आरक्षित वर्ग को नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।

आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर 2025 से शुरू होगी और 30 दिसंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है। उम्मीदवार 3 जनवरी से 7 जनवरी 2026 के बीच अपने आवेदन में सुधार भी कर सकेंगे।

प्रीलिम्स परीक्षा 22 फरवरी 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। मुख्य परीक्षा 16, 17, 18 और 19 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।

परीक्षा और आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।