अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव, तीन लाख से अधिक ने एक साथ किया श्रीमद्भागवत गीता का सस्वर पाठ
हिंदू पंचांग के मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि पर गीता जयंती मनाई जाती है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को उपदेश दिया था। यही, उपदेश श्रीमद्भागवत गीता ग्रंथ के रूप में प्रसिद्ध है। सोमवार 1 दिसंबर 2025 का दिन उज्जैन, भोपाल, इंदौर के लिए भक्तिमय और यादगार रहा। गीता जयंती के अवसर पर तीन लाख से अधिक लोगों ने एक साथ श्रीमद्भागवत गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ किया।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ किया। मध्यप्रदेश के 313 विकासखंड, 55 जिला मुख्यालय और 10 संभागों में आचार्यों के सानिध्य में 3 लाख से अधिक गीताभक्तों ने श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक सस्वर पाठ किया।
इंदौर के राजवाड़ा स्थित गोपाल मंदिर में मध्यप्रदेश के पहले गीता भवन का लोकार्पण हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश में 16 से 28 नवंबर 2025 तक आयोजित हुई श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं के नामों की घोषणा की गई।
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि गीता जयंती 1 दिसंबर 2025 को मध्यप्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव भव्य स्तर पर मनाया गया। उन्होंने कहा कि गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि जीवन जीने की कला सिखाती है। यह महोत्सव समाज में ज्ञान, कर्तव्य, अनुशासन और सकारात्मकता का वातावरण बनाने का माध्यम बनेगा।
उज्जैन में तीन दिवसीय आयोजन, पहले दिन अभिनेता पुनीत इस्सर की प्रस्तुति
उज्जैन के दशहरा मैदान पर 1 से 3 दिसंबर तक विविध सांस्कृतिक आयोजन किये जा रहे है। इसमें पहले दिन अभिनेता पुनीत इस्सर द्वारा निर्देशित नृत्य नाटिका जय श्रीकृष्णा का मंचन होगा। दूसरे दिन नई दिल्ली की वैष्णवी शर्मा का काव्य पाठ विराटजयी तथा मुंबई के मोहित शेवानी एवं दल द्वारा कृष्णायन की सांगीतिक प्रस्तुति होगी। अंतिम दिन उमेश तरकसवार द्वारा निर्देशित विश्ववंदनीय एवं बैंगलोर के डॉ. सलाउद्दीन पाशा द्वारा निर्देशित गीता ऑन व्हील्स की प्रस्तुति होगी।
दिव्यांग कलाकारों का मंचन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में रविन्द्र भवन में श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ एवं प्रदर्शनी का लोकार्पण किया गया। शाम को रवीन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में मोहित शेवानी के निर्देशन में कृष्णायन की प्रस्तुति होगी। यह प्रस्तुति भगवान श्रीकृष्ण और मध्यप्रदेश की कहानी पर केंद्रित है। बैंगलोर के डॉ. सलाउद्दीन पाशा के निर्देशन में गीता ऑन व्हील्स का मंचन दिव्यांग कलाकार करेंगे। विश्व गीता प्रतिष्ठानम् की ओर से श्रीमद्भगवद्गीता नृत्य नाटिका की प्रस्तुति होगी।

Public reporter 



