4 और नक्सलियों के शव बरामद, 16 पहुंची संख्या, सर्चिंग में हथियारों का जखीरा बरामद

4 और नक्सलियों के शव बरामद, 16 पहुंची संख्या, सर्चिंग में हथियारों का जखीरा बरामद

बीजापुर के गंगालूर इलाके में बुधवार को सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। शुरुआती पुष्टि के अनुसार 12 माओवादी मारे गए थे, लेकिन सर्चिंग आगे बढ़ने पर यह संख्या बढ़कर 16 हो गई है। गुरुवार को सुरक्षाबलों को चार और माओवादियों के शव मिले। इसकी पुष्टि डीआईजी कमलोचन कश्यप ने की है। सूत्रों के मुताबिक कुल 20 नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।

इस मुठभेड़ में DRG के तीन जवान शहीद हुए हैं, जिनमें प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और जवान रमेश सोड़ी शामिल हैं। वहीं DRG के दो जवान घायल भी हुए, हालांकि उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने SLR, INSAS और 303 राइफलों सहित बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। सभी शवों को कब्जे में ले लिया गया है। क्षेत्र में अब भी बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है, साथ ही, अतिरिक्त जवानों को भी तैनात किया गया है।

मुठभेड़ बुधवार सुबह की सुबह शुरु हुई। जब DRG, STF, COBRA और CRPF की संयुक्त टीम बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर वेस्ट बस्तर डिवीजन क्षेत्र में सर्चिंग कर रही थी। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला।