चित्रकोट मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित स्कॉर्पियो पलटने से तीन युवकों की मौत
बारसूर-चित्रकोट मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना मारडुम थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेंद्री घूमर मोड़ के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। एम्बुलेंस के जरिए सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान 20 वर्षीय राम रतन ठाकुर, 25 वर्षीय रूपेंद्र नेताम और 18 वर्षीय खिलेश्वर नेताम के रूप में हुई है। ये तीनों मृतक गरियाबंद जिले के निवासी थे। वाहन में सवार अन्य युवक भी गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज गति और मोड़ पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है।

Public reporter 



