मुख्यमंत्री साय ने 375 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भवनों का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री साय ने 375 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भवनों का किया लोकार्पण

ग्रामीणों को गांवों में मिल रही बैंकिंग सुविधाएं

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत स्तर पर नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 375 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पद्मश्री जागेश्वर यादव, विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत मौजूद रहे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के  तहत पंचायत स्तर पर बैंकिंग एवं डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को अब छोटे-छोटे कार्यों के लिए शहर या ब्लॉक मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। उन्होंने बताया कि इन अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से  ग्रामीण अब अपने गांव में ही बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। इसमें पैसे निकालना, जमा करना तथा नए बैंक खाते खोलना भी सहज हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, पेंशन योजनाएं एवं आयुष्मान भारत कार्ड जैसी विभिन्न शासकीय योजनाओं के लिए अब ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया सरल और सुलभ हो गई है, जिससे अधिक से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केंद्रों की स्थापना से ग्रामीणों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है। अब उन्हें शहर आने-जाने में होने वाले खर्च और समय की चिंता नहीं करनी पड़ती, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीणों को डिजिटल युग से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इससे न केवल डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण आत्मनिर्भर भी बन रहे हैं।