प्रांजलि ने मारी नीट में बाजी, किया शहर का नाम रौशन, माता - पिता और गुरूजनों को दिया श्रेय
पत्थलगांव। पत्थलगांव विकासखंड शिक्षाधिकारी वेदानंद आर्य की पुत्री प्रांजलि बेहरा ने नीट की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। 263वीं रैंक हासिल करने पर उन्हें जगदलपुर के मेडिकल काॅलेज में दाखिला मिला है। गांव की बिटिया की सफलता से पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ गई है।
गुरूवार को नीट के परीक्षा परिणामों की घोषणा कर दी गई है। इसमें शहर की प्रांजलि बेहरा ने भी बाजी मारी है। उन्होंने छग मंे 263वीं रैंक हासिल की है। जिसके बाद उन्हें छग के विख्यात जगदलपुर मेडिकल काॅलेज में दाखिला मिल गया है। प्रांजलि विकासखंड शिक्षाधिकारी वेदानंद आर्य की ज्येष्ठ पुत्री हैं। बचपन से ही मेधावी रही प्रांजलि ने प्राथमिक शिक्षा वृंदावन पब्लिक स्कूल लुड़ेग से हासिल की वहीं माध्यमिक शिक्षा सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल से हासिल करने के बाद हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी की पढ़ाई संस्कार पब्लिक स्कूल रायगढ़ से की। प्रांजलि ने बताया कि उन्होंने बचपन से ही चिकित्सक बनने को अपने जीवन का लक्ष्य बना रखा था। इसलिए 12वीं करने के बाद उन्होंने कोचिंग के लिए भिलाई के शिक्षण संस्थान में दाखिला लिया। यहां वे पूरी लगन से परिश्रम में जुटी रहीं जिसका परिणाम उन्हें परीक्षा में सफलता के रूप में मिला। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता - पिता और गुरूजनों को दिया है। उन्होंने बताया कि बाल्यकाल से ही शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े रहे पिता वेदानंद से उन्हें अपना लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहा वहीं माता से भी उन्हें शिक्षा को ही अपना लक्ष्य मानने की प्रेरणा मिली। सफलता के लिए उन्होंने गुरूजनों के मार्गदर्शन का आभार जताया है। उधर शहर की बिटिया की सफलता से लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों ने विकासखंड शिक्षाधिकारी श्री आर्य को बिटिया की सफलता की बधाई देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।





