किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जशपुर प्रशासन का सशक्त कदम किसानों को फल क्लीनिंग एवं ग्रेडिंग मशीन प्रदान की गई
जशपुर, किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जशपुर प्रशासन का सशक्त कदम नाशपाती उत्पादक कृषकों को मिली क्लीनिंग एवं ग्रेडिंग मशीन
जशपुर जिला विकास के मार्ग पर निरंतर अग्रसर है तथा कलेक्टर श्री रोहित व्यास के कुशल दिशा-निर्देश एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में जिले में नित नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विगत दिवस मनोरा विकासखंड के सोनक्यारी ग्राम पंचायत में नाशपाती उत्पादक कृषकों को फल क्लीनिंग एवं ग्रेडिंग मशीन प्रदान कर एक नई पहल की गई।
यह मशीन बगीचा विकासखंड की सन्ना तहसील अंतर्गत 10 ग्राम पंचायतों एवं मनोरा विकासखंड की 5 ग्राम पंचायतों के किसानों को उपलब्ध कराई गई है। इससे संबंधित कृषकों को नाशपाती फलों की सफाई, ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे वे सीधे बाजार में गुणवत्ता अनुसार विक्रय कर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकेंगे।
वर्तमान में नाशपाती उत्पादक कृषक अपने बागानों को ठेकेदारों को कम दर पर बेचने को विवश होते हैं, जिससे उन्हें उनकी मेहनत का उचित लाभ नहीं मिल पाता। क्लीनिंग एवं ग्रेडिंग मशीन के माध्यम से अब किसान मूल्य संवर्धन कर सकेंगे, जिससे उनकी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति भगत ने अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार की उपस्थिति में मशीन का विधिवत उद्घाटन कर कृषकों को समर्पित किया। यह पहल आत्मनिर्भर कृषक एवं समृद्ध जशपुर के लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।





