राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का छत्तीसगढ़ दौरा आज, जनजाति गौरव दिवस समारोह में होंगी शामिल
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगी। जहां वे अंबिकापुर में आयोजित जनजाति गौरव दिवस के समारोह में शामिल होंगी। वृहद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसकी अध्यक्षता राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री व सांसद मौजूद रहेंगे।
बता दें कि, राष्ट्रपति मुर्मू एक घंटे तक अंबिकापुर में रहेंगी। वे ओडिशा के झारसुगुड़ा से सेना के हेलीकॉप्टर से सुबह 11.20 बजे शहर के गांधी स्टेडियम स्थित हेलीपैड पहुंचेंगी और यहां से सड़क मार्ग से 1.3 किमी की दूरी तय कर पीजी कॉलेज स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी। इसके बाद दोपहर 12.20 बजे गांधी स्टेडियम स्थित हैलीपेड से सेना के हेलीकाप्टर से झारसुगड़ा के लिए रवाना होंगी।
वहीं राष्ट्रपति के आगमन को लेकर शहर के मुख्य मार्गों को नए सिरे से बनाया गया है। चौक- चौराहों को भी सजाया गया है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल और पूरे शहर में सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Public reporter 



