स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : कलेक्टर

स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : कलेक्टर

अम्बिकापुर । कलेक्टर विलास भोसकर की अध्यक्षता में  कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, मेडिकल कॉलेज संबद्ध चिकित्सालय अंबिकापुर के अधिष्ठाता, संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, कार्यपालन अभियंता सीजीएमएससी सहित समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, बीएमओ, डीपीएम, बीपीएम, सेक्टर प्रभारी, मितानिन समन्वयक, कार्यक्रम समन्वयक एवं स्वास्थ्य विभाग से संबद्ध एनजीओ संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर भोसकर ने सभी अस्पतालों एवं कार्यालयों में 1 जनवरी 2026 से शत-प्रतिशत आधार आधारित उपस्थिति लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार आधारित उपस्थिति के आधार पर ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन जारी किया जाएगा। प्रत्येक माह की 24 से 26 तारीख तक उपस्थिति विवरण विभाग प्रमुख के हस्ताक्षर सहित प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने 1 जनवरी 2026 से सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस के माध्यम से फाइल संचालन एवं NextGen-e Hospital प्रणाली को पूर्ण प्रभावशील करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में सिकल सेल स्क्रीनिंग की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लक्ष्य के अनुरूप ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने को कहा। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड की ऑनलाइन एंट्री शीघ्र पूर्ण करने तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिन्हांकित 13 बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर उच्च संस्थानों में उपचार हेतु भेजने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिले में संचालित सभी नर्सिंग होम एवं 82 सोनोग्राफी सेंटरों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्वयं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के साथ निरीक्षण करने तथा अनियमितता पाए जाने पर नोटिस जारी कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बीएमओ को अपने क्षेत्र में प्रत्येक 15 दिन में निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।