धूमधाम से निकली महाराज अग्रसेन की शोभायात्रा, भव्य झांकियों में 18 गोत्रों और महारानी माधवी के साथ रथारूढ़ हुए महाराज अग्रसेन, 7 दिनों से चल रहे कार्यक्रमों का भव्य समापन
पत्थलगांव। महाराज अग्रसेन की जयंती के मौके पर शहर में धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। इस बार शोभायात्रा को भव्य स्वरूप में निकाला गया था। जिसमें महाराज अग्रसेन की भव्य झांकियों के साथ ही वरिष्ठजनों,बच्चों के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के लोग इसमें शामिल हुए।

अग्र समाज के पुरोधा महाराजा अग्रसेन की जयंती प्रतिवर्ष धूमधाम से मनाई जाती है। इस वर्ष यह पत्थलगांव में अग्रसेन जयंती समारोह का 52वां वर्ष था। आम तौर पर यहां 1 सप्ताह तक विविध सामाजिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी 7 दिनों तक विविध स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। जिसमें कई प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं जिसमें समाज के बच्चे,युवा,बुजुर्ग यहां तक कि महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसमें विजेता प्रतिभागियों का निर्णायक मंडल द्वारा चयन किया गया। गुरूवार को महाराजा अग्रसेन की जयंती के मौके पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शाम करीब 5 बजे शोभायात्रा अग्रसेन भवन से प्रारंभ हुई। आगे आगे युवाओं का हुजूम अग्रध्वज लेकर चल रहा था। बीच में अग्रवाल समाज के गोत्र के प्रतीक स्वरूप अग्रवाल समाज के लोगों को सुसज्जित वाहन पर सजा-धजाकर बिठाया गया था। शोभायात्रा के लिए महाराज अग्रसेन की भव्य झांकियां तैयार की गई थीं। इसके लिए विशेष बग्घी मंगाई गई थी। जिसमें एक में उन्हें महारानी माधवी के साथ रथारूढ़ किया गया था वहीं दूसरे में उनका दरबार सजाया गया था। इसके पीछे विशाल झांकी में महाराज अग्रसेन भी भव्य चित्र सजाया गया था जिसमें श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जा रहा था। रामलाल अग्रवाल, मुरारीलाल अग्रवाल,विजय अग्रवाल,महावीर अग्रवाल,मुकेश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग इसमें शामिल हुए।

अग्रवाल समाज के वरिष्ठजनों को एक अलग सुसज्जित वाहन में सवार कराया गया था जिसमें उन्हें बिठाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। सबसे अंत में महिलाओं का रैला था। अग्रवाल समाज के प्रत्येक घर से महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनकर इसमें शामिल हुईं थीं। महिलाओं ने भी अपने हाथों में अग्रपताका थाम रखी थी वहीं महिला,पुरूष एवं बच्चे सभी एक ही रंग के परिधानों में सजे शोभायमान हो रहे थे। युवाओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान महाराजा अग्रसेन पर आधारित भक्तिगीतों से शहर गूंजता रहा। शोभायात्रा के स्वागत के लिए शहर में विशेष सजावट की गई थी। रायगढ़ रोड, अंबिकापुर रोड और जशपुर रोड समेत तीनों मार्गों का भ्रमण करने के बाद शोभायात्रा इंदिरा चैक पहुंची जहां युवकों द्वारा जमकर आतिशबाजी की गई। यहां से शोभायात्रा वापस अग्रसेन भवन पहुचकर समाप्त हुई।
जगह-जगह हुआ स्वागत
महाराज अग्रसेन महोत्सव की शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया। अंबिकापुर रोड पर अग्रवाल समाज के प्रमुख जनों के साथ ही बसस्टैंड के समीप सिक्ख समाज द्वारा वहीं हरियाणा पंचायती धर्मशाला के समीप सर्व ब्राम्हण समाज के द्वारा शोभायात्रा के स्वागत की व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह महिलाओं ने महाराज अग्रसेन की आरती उतारी और अपनी कुलपुरूष से अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति का वरदान मांगा। इस दौरान शोभायात्रा में शामिल लोगों को जलपान भी कराया गया।






