*धूमधाम से मनाया गया भगवान परशुराम का जन्मोत्सव, निकली भव्य शोभा यात्रा, विप्र समाज के लोगों में दिखा उत्साह, की जमकर आतिशबाजी जमकर आतिशबाजी*
पत्थलगांव। परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जयंती के मौके पर सत्यनारायण मंदिर परिसर से भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोगों ने भाग लिया।

भगवान परशुराम की जयंती प्रतिवर्ष धूमधाम से मनाई जाती है। इस बार भी इसके लिए सर्व ब्राम्हण समाज द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। आयोजन को लेकर ब्राम्हण समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। सर्व ब्राह्मण समिति के अध्यक्ष गणेश शर्मा, शेखर त्रिपाठी, विजय त्रिपाठी, ज्ञान शर्मा, माधव शर्मा, श्याम शर्मा, बिजेंद्र शर्मा,राजा शर्मा,मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में इस बार भी युवा सदस्यों को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। भगवान परशुराम जयंती आयोजन समिति के अध्यक्ष सचिन शर्मा, अंकित शर्मा, सौरभ त्रिपाठी, आकाश शर्मा, बीरेंद्र तिवारी, अतुल त्रिपाठी, हिमांशु शर्मा,आदि मिश्रा, अनिकेत शर्मा, लक्की शर्मा, भास्कर शर्मा, अविनाश शर्मा, विवेक दुबे एवम अन्य युवा सदस्यों ने जमकर तैयारियां कीं।

इस मौके पर दो दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें 29 अप्रैल को विप्र महिला समिति ने भगवान परशुराम जी के छाया चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुवात की, जिसमें विप्र महिला समिति की सभी महिलाएं शामिल हुईं। विप्र महिला समिति के द्वारा होटल मान्या रेसिडेंसी में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष तौर पर प्रतियोगिताएं रखी गईं।

इसमें बच्चों के लिए जलेबी दौड़, चम्मच से मटर उठाना, रस्सा खींच, बॉल से गिलास बैलेंस बनाना, फैंसी ड्रेस, डांस और राज्य के थीम पर आधारित नृत्य प्रतियोगिताएं शामिल रहीं वहीं महिलाओं के लिए विप्र सुंदरी, बॉल उछालकर स्टिक पर चूड़ी सेट करना, 1 मिनट में शब्दों का बैलेंस बनाना जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया। 30 अप्रैल को भगवान परशुराम की पूजा अर्चना के साथ जयंती कार्यक्रमों की शुरूआत हुई। इस मौके पर रूद्राभिेषेक के बाद हवन पूजन किया गया। लोगों ने विश्व कल्याण का संकल्प लेकर पवित्र यज्ञाग्नि में आहुतियां डालीं। इस दौरान भगवान परशुराम की सामूहिक आरती भी की गई। दोपहर 12 बजे से भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें ब्राम्हण समाज के साथ ही समाज के अन्य वर्गों के लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।
निकली भव्य शोभायात्रा
शाम पांच बजे सत्यनारायण मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके लिए भगवान परशुराम की भव्य झांकी तैयार की गई थी। वहीं इसके लिए शहर के सबसे प्रमुख इंदिरा चौक को परशुराम जी के चित्रों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शोभायात्रा में पुरूषों के साथ ही महिलाएं भी शामिल हुईं। शोभायात्रा ने जशपुर रोड,अंबिकापुर रोड और रायगढ़ रोड का भ्रमण किया। इस दौरान जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। महिलाओं ने भगवान परशुराम की आरती उतारी। शोभायात्रा के दौरान युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। तीनों मार्गों का भ्रमण करने के बाद शोभायात्रा सत्यनारायण मंदिर परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। जहां पुरस्कार वितरण,संगोष्ठी और सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।






