पूजा पण्डालों में परंपरागत विधि विधान से स्थापित हुईं जगत जननी की प्रतिमाएं, धूम - धाम से निकली कलश यात्रा, सैकड़ों महिलाएं एवं बालिकाएं हुईं शामिल
पत्थलगांव। 3 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र के प्रारंभ होने के साथ ही पूरा अंचल माता दुर्गा की भक्ति में लीन हो गया है। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 7 स्थानों पर भव्य पंडालो में जगतजननी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। गुरूवार को गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा के साथ ही पण्डालों में पूजा अर्चना प्रारंभ हो गई है।
उल्लेखनीय है कि शारदीय नवरात्र का पर्व शहर में प्रतिवर्ष धूमधाम के साथ मनाया जाता है। शहर में अलग - अलग स्थानों पर पूजा पण्डाल बनाकर इनमें मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना की जाती है। इस बार भी जशपुर रोड बाजार पारा में भव्य पंडाल बनाया गया है। यहां का पण्डाल अपनी साज - सज्जा के कारण पूरे क्षेत्र में विख्यात है। रायगढ़ रोड पर मां शारदा मंदिर परिसर में पूजा पण्डाल बनाया गया है। यहां साधुराम बंसल के मार्गदर्शन में युवा वर्ग इस बार भी पर्व को धूमधाम से मनाने में जुटा है। रायगढ़ रोड पर ही पुराना नगरपंचायत कार्यालय में मां दुर्गा की प्रतिमा विराजमान की गई है। अंबिकापुर रोड पर मंडी मैदान, दुर्गा मंदिर परिसर, मातू महाराज और बर्फ फैक्ट्री गली में पूजा पण्डाल बनाए गए हैं। सभी में माता दुर्गा की नयनाभिराम प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। गुरूवार को कलश यात्रा के साथ कार्यक्रमों की शुरूआत हुई। सभी समितियों के द्वारा अलग - अलग कलश यात्राएं निकाली गईं। पुरोहितों के मार्गदर्शन में कलश यात्राएं सत्नारायण मंदिर परिसर पहुंचीं। यहां जल उठाने के बाद सभी यात्राएं अपने - अपने पूजा पण्डालों की ओर रवाना हो गईं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने अपनी भागीदारी निभाई। वे पारंपरिक परिधानों में अपने सिर पर पवित्र कलश लेकर इसमें शामिल हुईं। कलश यात्रा के दौरान महिलाओं और बालिकाओं का उत्साह देखते ही बनता था। कलश स्थापना के साथ ही पूजा पण्डालों में माता दुर्गा की पूजा अर्चना शुरू हो गई है। पवित्र वैदिक मंत्रोच्चार पूजा पण्डालों में गंूज रहे हैं जिनसे पूरे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया है। इन पण्डालों में प्रतिदिन सुबह और सांध्य आरती सामूहिक रूप से की जाती है जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। खास तौर पर सांध्य आरती में पूरा शहर मानो इन पण्डालों में माता की भक्ति में लीन दिखाई देता है।






