Accident: टो-ट्रक की रफ्तार बनी काल, स्कूल जा रहे छात्र की मौत, छात्रा घायल

Accident: टो-ट्रक की रफ्तार बनी काल, स्कूल जा रहे छात्र की मौत, छात्रा घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्लब के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे स्कूटी सवार छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा सेंट्रल बैंक रोड के पास एक अंधे मोड़ पर हुआ, जहां प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस के क्रेन वाहन (टो-ट्रक) ने तेज रफ्तार में स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे स्कॉलर्स स्कूल की ओर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे टो-ट्रक ने ओवरटेक करते हुए उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छात्रा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घटना के बाद टो-ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची, घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं स्कूल जाते बच्चों की सुरक्षा और पुलिस वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।