टोहेमेटा में बनेगा एनीकट: 3.56 करोड़ की स्वीकृति से सिंचाई और जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

टोहेमेटा में बनेगा एनीकट: 3.56 करोड़ की स्वीकृति से सिंचाई और जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गरियाबंद जिले के विकासखंड मैनपुर अंतर्गत ग्राम टोहेमेटा के लिए बड़ी सौगात दी है। यहां एनीकट निर्माण कार्य के लिए 356.36 लाख रुपये, यानी करीब 3 करोड़ 56 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र में जल संरक्षण, पेयजल उपलब्धता और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

प्रस्तावित एनीकट निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को निस्तारी और पेयजल की सुविधा बेहतर रूप से मिल सकेगी। साथ ही भू-जल स्तर में सुधार होगा, जिससे लंबे समय तक जल उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। इस परियोजना से क्षेत्र के किसानों को विशेष लाभ मिलेगा और लगभग 55 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा विकसित होने की संभावना है। इससे खेती की उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

यह परियोजना वित्त एवं योजना विभाग की समिति द्वारा अनुशंसित किए जाने के बाद विभागीय मंत्री और मुख्यमंत्री के अनुमोदन से स्वीकृत की गई है। शासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य स्वीकृत लागत और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही तकनीकी स्वीकृति प्राप्त कर पारदर्शी निविदा प्रक्रिया अपनाने तथा प्रचलित वित्तीय एवं प्रशासनिक नियमों का पालन करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सरकार का मानना है कि यह परियोजना जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। एनीकट निर्माण से किसानों को सिंचाई का स्थायी स्रोत मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।