कांचरी में दो लाख की सीसी सड़क में ‘भ्रष्टाचार’ की बुनियाद! पुराने मुरूम पर पॉलीथिन बिछाकर हो रहा निर्माण

कांचरी में दो लाख की सीसी सड़क में ‘भ्रष्टाचार’ की बुनियाद! पुराने मुरूम पर पॉलीथिन बिछाकर हो रहा निर्माण

खैरागढ़. ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए सरकार लाखों रुपये स्वीकृत करती है, लेकिन निर्माण में तकनीकी मानकों की अनदेखी से गुणवत्ता पर सवाल उठने लगते हैं। ऐसा ही मामला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के जनपद पंचायत खैरागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत कांचरी के वार्ड क्रमांक 06 से सामने आया है। यहां करीब दो लाख रुपये की लागत से 65 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि पुराने मुरूम मार्ग के ऊपर ही काली पॉलीथिन बिछाकर सीधे सीसीकरण किया जा रहा है। निर्माण से पहले निर्धारित आधार या बेस लेयर तैयार नहीं की गई।

जानकारों के अनुसार सड़क की मजबूती के लिए गिट्टी, मुरूम या रेत की परत के बाद मजबूत बेस तैयार कर सीसी की परत डाली जाती है। बेस नहीं होने पर सड़क के जल्द धंसने, टूटने और पानी भरने की आशंका रहती है।

सरपंच दयालु राम वर्मा ने कहा कि वे बाहर हैं और सीसी सड़क में बेस डालने का कोई प्रावधान नहीं है। वहीं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि जनपद सीईओ को जांच के निर्देश दिए जाएंगे। इस्टीमेट के अनुसार कार्य नहीं होने पर सुधार और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।