हुमायूं कबीर को टीएमसी ने दिखाया बाहर का रास्ता
तृणमूल कांग्रेस ने विधायक हुमायूं कबीर को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। उन्होंने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान किया था, जिसके बाद पार्टी ने तुरंत कार्रवाई की। मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा कि कबीर का यह बयान न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि इससे तनाव फैलाने की कोशिश भी दिखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबरी मस्जिद मुद्दे को उछालने के पीछे भाजपा की राजनीति है।
कबीर हाल ही में 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद की नींव रखने की घोषणा कर चुके थे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी उनके बयान से नाराज थीं, जिस वजह से पार्टी ने सस्पेंशन का निर्णय लिया।
सस्पेंशन के बाद कबीर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपमानित किया गया, उनके खिलाफ साजिश रची गई। उनका दावा है कि वह बाबरी मस्जिद बनाकर ही रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही टीएमसी से इस्तीफा देंगे और 22 तारीख को नई पार्टी लॉन्च करेंगे, जो राज्य की 122 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
कबीर पहले भी कह चुके हैं कि जरूरत पड़ी तो वह बाबरी मस्जिद के लिए जान देने को तैयार हैं। उन्होंने 6 दिसंबर को रेजीनगर से बेलडांगा तक बड़े जुलूस निकालने की बात कही थी और दावा किया था कि उस दिन राष्ट्रीय राजमार्ग मुस्लिम समुदाय के कब्जे में रहेगा।

Public reporter 



